सड़क किनारे कीर्तन कर रहे 6 लोगों को रौंदा, 4 लोगों की मौत
1 min read

सड़क किनारे कीर्तन कर रहे 6 लोगों को रौंदा, 4 लोगों की मौत

बिहार के सुपौल में बेकाबू कार ने कोहराम मचा दिया। नेशनल हाईवे 327 ई पर स्थित कटैया निर्मली चौक के पास मंगलवार रात एक बेहद दुखद और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। पिपरा प्रखंड क्षेत्र में स्थित बजरंग बली मंदिर के समीप स्थानीय ग्रामीण झूलन महोत्सव के मौके पर भक्तिभाव के साथ भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान करीब रात नौ बजे पिपरा से सुपौल की ओर जा रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। कार की सीधी टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में चार की जान चली गई और दो लोगों कि हालत बेहद गंभीर बनी हुई हैं।

झूलन उत्सव के चलते मंदिर परिसर के निकट दर्जनों श्रद्धालु कीर्तन में मग्न थे। अचानक आई तेज रफ्तार कार ने वहां मौजूद छह लोगों को बारी-बारी से रौंद दिया। टक्कर मारने के बाद वाहन की गति इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। सुपौल निवासी कार मालिक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ लौट रहा था। आक्रोशित भीड़ ने कार चला रहे शख्स को पकड़कर मृतक राजो दास के घर में बंद कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद भी भीड़ उग्र रही और आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेजा और घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया। पुलिस-प्रशासन की टीम उग्र भीड़ को शांत कराने और बंधक चालक को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया।