1 min read

भोपाल में घर के अंदर मिला महिला का शव, कान कटा और कलाइयों पर हैं गहरे जख्म, हत्या की आशंका

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के कल्याण नगर में एक 50 वर्षीय महिला का शव शनिवार को उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतका के शरीर पर धारदार हथियार से वार के कई गहरे निशान मिले हैं और उसका एक कान भी कटा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान कल्याण नगर निवासी मुंशीलाल जाटव की 50 वर्षीय पत्नी मथरी बाई उर्फ ममता के रूप में हुई है, जो पिछले करीब आठ सालों से अपने पति से अलग रह रही थी और सब्जी मंडी में हम्माली (मजदूरी) का काम करके अपना जीवनयापन करती थी। ममता की चार बेटियों में से तीन की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटी अपनी मौसी के पास रहती है। वह इस घर में अकेली ही रहती थी और उसे शराब पीने की लत थी। शनिवार तड़के करीब 3:40 बजे पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने उसके घर से यह शव बरामद किया। पड़ोसियों का कहना है कि महिला को आखिरी बार करीब दो दिन पहले देखा गया था। शुरुआती जांच में पुलिस शव को करीब 48 घंटे पुराना मान रही है।

मृतका के पति मुंशीलाल जाटव ने अंदेशा जताया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पहले उसकी पत्नी को शराब पिलाई और फिर लूटपाट के मंसूबे से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पति का दावा है कि ममता के शरीर पर चोटों के कई निशान हैं और उसके कान में पहने सोने के झुमके समेत घर का कुछ कीमती सामान भी गायब है, हालांकि उन्होंने किसी पुरानी रंजिश या किसी संदिग्ध व्यक्ति का नाम पुलिस को नहीं बताया है।

छोला मंदिर थाने के एसआई महेश सरयम ने बताया कि महिला के शरीर पर कई स्थानों पर चोट और कट के गहरे निशान मिले हैं, जिनमें एक कान कटा हुआ है, एक पैर के घुटने के पीछे गहरा कट का घाव है और दोनों हाथों की कलाइयों पर भी धारदार हथियार की चोटों के निशान पाए गए हैं। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *