Bhopal News: गाजीपुर से बीस हजार में खरीदी एमडी ड्रग्स: इंजीनियर युवती गिरफ्तार; क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा, मेडिकल इंश्योरेंस एजेंट भी गिरफ्तार
1 min read

Bhopal News: गाजीपुर से बीस हजार में खरीदी एमडी ड्रग्स: इंजीनियर युवती गिरफ्तार; क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा, मेडिकल इंश्योरेंस एजेंट भी गिरफ्तार

राजनीतिक क्रांति, भोपाल 
 भोपाल में एमडी ड्रग्स की सप्लाई का कनेक्शन उत्तर प्रदेश के गाजीपुर तक पहुंच गया है. क्राइम ब्रांच ने एमपी नगर जोन-2 में अंग्रेजी शराब दुकान के सामने से 14.19 ग्राम एमडी के साथ 38 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है. आरोपी श्रद्धा चौकीकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी है और पिछले दस साल से भोपाल में रह रही थी. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने परिचित राजेंद्र राय के साथ दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजीपुर गई थी. वहां राजेंद्र के भांजे सतेन्द्र उर्फ जुगनू से 20 हजार रुपए में एमडी खरीदकर भोपाल लाई थी. पुलिस ने युवती की निशानदेही पर राजेंद्र राय को भी गिरफ्तार कर लिया है. अब पुलिस गाजीपुर में बैठे सतेन्द्र उर्फ जुगनू की तलाश में जुटी है. क्राइम ब्रांच के मुताबिक, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला एमडी बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही है. पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान श्रद्धा चौकीकर निवासी रेलवे कॉलोनी, छिंदवाड़ा के रूप में बताई.
पटेल ग्रुप से की थी इंजीनियरिंग
पूछताछ में श्रद्धा ने बताया कि उसने भोपाल के पटेल ग्रुप इंजीनियरिंग कॉलेज से बीई की पढ़ाई की है. करीब एक साल पहले दोस्तों के जरिए उसे एमडी के नशे के बारे में पता चला था. इसके बाद मेडिकल इंश्योरेंस का काम कराने वाले राजेंद्र राय ने उससे पूछा कि क्या उसे पार्टी के लिए एमडी चाहिए. श्रद्धा ने रुचि दिखाई तो राजेंद्र ने अपने भांजे सतेन्द्र उर्फ जुगनू के जरिए उसे पहले भी एमडी उपलब्ध कराई थी. आरोपी के मुताबिक, दो दिन पहले वह राजेंद्र राय और सतेन्द्र के साथ उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के ग्राम खड़ीचा गई थी. वहां सतेन्द्र ने उसे 20 हजार रुपए में एमडी दी. इसके बाद श्रद्धा और राजेंद्र माल लेकर भोपाल लौट आए. राजेंद्र साकेत नगर स्थित रीगल होटल में ठहरा हुआ था, जबकि सतेन्द्र गाजीपुर में ही रह रहा था.
होटल के पास से पकड़ा राजेंद्र
श्रद्धा की निशानदेही पर पुलिस टीम उसे लेकर साकेत नगर के रीगल होटल पहुंची. होटल के पास मार्केट में एक व्यक्ति दिखाई दिया, जिसकी पहचान श्रद्धा ने राजेंद्र राय के रूप में की. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र ने भी गाजीपुर जाकर अपने भांजे सतेन्द्र उर्फ जुगनू से एमडी मंगवाने की बात स्वीकार की. इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया.
मोबाइल से खंगालेगी ड्रग्स नेटवर्क
पुलिस ने श्रद्धा का मोबाइल भी जब्त किया है. इसमें मौजूद वाट्सएप चैट, संदेश और फोटो गैलरी की जांच की जाएगी. पुलिस को आशंका है कि मोबाइल से एमडी के खरीददारों और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सकती है. पुलिस अब गाजीपुर निवासी सतेन्द्र उर्फ जुगनू तक पहुंचने और भोपाल में इस खेप के संभावित खरीदारों का पता लगाने में जुटी है.