Bhopal News: तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मैनिट की इंजीनियरिंग छात्रा की जान ली; स्कूटी पर दोस्त के साथ जा रही थी छात्रा, टक्कर के बाद चालक फरार; पुलिस तलाश में जुटी
कोलार थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मैनिट की 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौत हो गई। हादसे में स्कूटी पर उसके साथ सवार कॉलेज का दोस्त भी घायल हुआ है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसा दानिशकुंज रोड स्थित जैन मंदिर के पास सुबह करीब 11:45 बजे हुआ। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया पुलिस के अनुसार मूलरूप से इंदौर निवासी सुशांत द्विवेदी (20), पिता ऊषाकांत द्विवेदी, मैनिट में इलेक्ट्रॉनिक्स कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। वह संस्थान के छात्रावास में रह रही थी। गुरुवार सुबह वह अपने कॉलेज के दोस्त अभिषेक के साथ स्कूटी से कोलार आई थी। दोनों दानिशकुंज रोड पर जैन मंदिर के पास पहुंचे ही थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने छात्रा को बचाने का प्रयास किया, लेकिन शाम करीब सात बजे इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा के सिर, कंधे, पीठ और मुंह पर गंभीर चोटें आई थीं। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। lकोलार पुलिस ने मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाकर फरार चालक की पहचान करने में जुटी है।
