Bhopal News: लक्ष्य बड़ा हो तो असफलताएं हौसला नहीं तोड़तीं: पांच प्रयासों के बाद सीएस एग्जीक्यूटिव पास कर आनंदिता ने प्रोफेशनल में भोपाल में किया टॉप
1 min read

Bhopal News: लक्ष्य बड़ा हो तो असफलताएं हौसला नहीं तोड़तीं: पांच प्रयासों के बाद सीएस एग्जीक्यूटिव पास कर आनंदिता ने प्रोफेशनल में भोपाल में किया टॉप

भोपाल.
राजधानी भोपाल की रहने वाली आनंदिता सैनी ने कठिन परिश्रम, संघर्ष और लगातार प्रयासों के दम पर सीएस प्रोफेशनल परीक्षा के दोनों समूह प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर भोपाल शहर में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी यह सफलता वर्षों की मेहनत और असफलताओं के बावजूद लक्ष्य के प्रति कायम विश्वास की मिसाल है।

आनंदिता ने बताया कि उनकी सीएस यात्रा आसान नहीं रही। उन्होंने सीएस एग्जीक्यूटिव परीक्षा पांच प्रयासों के बाद उत्तीर्ण की। इस दौरान उन्हें कई बार असफलता और निराशा का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी अपने लक्ष्य को छोड़ने का फैसला नहीं किया। असफलताओं ने उन्हें और मजबूत बनाया तथा यह विश्वास कायम रखा कि मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती।

आनंदिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपनी बड़ी बहन को दिया। उनकी बहन ने भी सीए परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। बहन की मेहनत और सफलता से प्रेरणा लेकर आनंदिता ने भी अपने लक्ष्य के लिए लगातार मेहनत जारी रखी। वहीं, माता-पिता के संघर्ष, त्याग और उन पर विश्वास ने उन्हें कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

आनंदिता ने बताया कि उनके पिता एक निजी कंपनी में कार्य करते हैं और मां गृहिणी हैं। उनका जीवन बहुत साधारण रहा है, किंतु माता-पिता ने कठिनाइयों के बावजूद उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाई। आनंदिता ने कहा कि उनकी यह सफलता माता-पिता के संघर्ष और परिश्रम का परिणाम है।

सीएस प्रोफेशनल के दोनों समूह प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण कर भोपाल में प्रथम स्थान हासिल करना आनंदिता के लिए गर्व और खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि माता-पिता, बहन और मुश्किल समय में साथ देने वाले सभी लोगों के प्यार, विश्वास और सहयोग का परिणाम है।