Bhopal News: पन्नी बीनने निकली मासूम की खंडहर में मिली लाश, दादी बेसुध: बैरागढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की मौत से इलाके में आक्रोश, परिजनों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की
1 min read

Bhopal News: पन्नी बीनने निकली मासूम की खंडहर में मिली लाश, दादी बेसुध: बैरागढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की मौत से इलाके में आक्रोश, परिजनों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की

राजनीतिक क्रांति, भोपाल 
 घर से पन्नी बीनने निकली 12 वर्षीय बच्ची रातभर वापस नहीं लौटी तो परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे। शुक्रवार सुबह बैरागढ़ में कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खंडहर की तीसरी मंजिल पर बच्ची का शव मिला। शव कंबल में लिपटा हुआ था। परिजनों ने कंबल हटाकर देखा तो बच्ची की हालत देखकर दादी बेसुध होकर गिर पड़ीं। घटना की जानकारी मिलते ही बैरागढ़ पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू की। घटना से गुस्साए परिजनों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की।
देर रात दर्ज कराई गुमशुदगी
जांच अधिकारी इंदर सिंह के अनुसार, बच्ची गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से पन्नी बीनने के लिए निकली थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में पूछताछ की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने देर रात बैरागढ़ थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी थी, तभी शुक्रवार सुबह खंडहर में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
पहले मिला पेंडल, फिर कंबल में दिखा शव
परिजनों के मुताबिक, सुबह एक लड़की ने खंडहर की तीसरी मंजिल पर बच्ची को देखा था। सूचना मिलने पर दादी वहां पहुंचीं। उन्हें पहले बच्ची के गले का पेंडल और फिर कपड़े दिखाई दिए। इसके बाद कंबल हटाया तो बच्ची का शव मिला। यह दृश्य देखकर दादी की हालत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर गिर पड़ीं। परिवार की मदद के लिए पन्नी बीनने निकली बच्ची की मौत से परिजन सदमे में हैं।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही हो सकेगी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची घर से निकलने के बाद खंडहर तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
दादी ने युवक को खंडहर से निकलते देखा
परिजनों के अनुसार, बच्ची की तलाश के दौरान दादी ने खंडहर से एक युवक को निकलते देखा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। बच्ची की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने और बच्ची को न्याय दिलाने की मांग की।