MP News: सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर चार अधिकारियों पर 2-2 हजार रुपए जुर्माना
1 min read

MP News: सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर चार अधिकारियों पर 2-2 हजार रुपए जुर्माना

राजगढ़। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समय सीमा बैठक और जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, जनविश्वास अभियान, कानून-व्यवस्था और आधार सेवाओं की समीक्षा की गई। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर चार अधिकारियों पर 2-2 हजार रुपए जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, 100 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने को कहा गया।

सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में राजगढ़ के प्रदेश के टॉप-10 जिलों में शामिल होने पर कलेक्टर ने संबंधित टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि समन्वय के साथ शिकायतों का प्रभावी निराकरण जारी रखा जाए। कोई भी शिकायत अनअटेंडेड नहीं रहनी चाहिए और प्रत्येक शिकायत पर समय-सीमा में कार्रवाई हो। खराब प्रदर्शन पर ब्यावरा सीएमओ इकरार अहमद,पचोर तहसीलदार अकलेश मालवीय,खिलचीपुर सीएमओ देवनारायण दांगी और मध्यप्रदेश जल निगम के उप प्रबंधक गौरव गुप्ता पर 2-2 हजार रुपए जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए। जनविश्वास अभियान के तहत पशुपालन विभाग की सात दिन में 13 शिकायतों का निराकरण नहीं होने पर संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।

शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को भी नोटिस देने के निर्देश दिए गए। आधार ई-केवाईसी में प्रदेश में तीसरे स्थान पर जिला समग्र आधार ई-केवाईसी में राजगढ़ के प्रदेश में टॉप-3 में आने पर कलेक्टर ने अधिकारियों की सराहना की। जनपद पंचायत और नगर परिषद के अधिकारियों को समन्वय से काम कर जिले को पहले स्थान पर लाने के निर्देश दिए। आधार मॉनिटरिंग बैठक में निष्क्रिय ईसीएमपी किट, आधार पंजीयन, ई-केवाईसी और विद्यार्थियों के लंबित आधार कार्ड की समीक्षा की गई। विद्यार्थियों के आधार कार्य प्राथमिकता से होंगे कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर विद्यार्थियों के आधार पंजीयन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) के लंबित मामलों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए।