भोपाल:ड्रग सिंडिकेट पर क्राइम ब्रांच का महाभियान, 48 घंटे में 12 तस्कर किए गिरफ्तार
1 min read

भोपाल:ड्रग सिंडिकेट पर क्राइम ब्रांच का महाभियान, 48 घंटे में 12 तस्कर किए गिरफ्तार

राजधानी में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच ने पिछले 48 घंटों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग चार कार्रवाई में पुलिस ने 74.27 ग्राम स्मैक, 927 ग्राम गांजा और 1.4 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, दो दोपहिया वाहन, सात मोबाइल फोन सहित करीब 37.13 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में भोपाल से लेकर राजस्थान तक फैले अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का खुलासा हुआ है।

74.27 ग्राम स्मैक के साथ सात तस्कर दबोचे
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कटारा हिल्स थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रई स्थित पंडित दीनदयाल पार्क के पास स्मैक की बड़ी खेप की सप्लाई होने वाली है। पुलिस ने घेराबंदी कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 74.27 ग्राम स्मैक, एक कार, एक्टिवा, मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह भोपाल सहित आसपास के क्षेत्रों में स्मैक की सप्लाई कर रहा था और इसके तार राजस्थान के झालावाड़ जिले तक जुड़े हैं। पुलिस मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

महिला और सप्लायर सहित दो गिरफ्तार
निशातपुरा क्षेत्र में एक महिला के गांजा बेचने की सूचना पर पुलिस ने विमला उर्फ सुनीता को 426 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने फरहान खान का नाम बताया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार फरहान भोपाल में गांजा की सप्लाई करता था और उससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।

501 ग्राम गांजा के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार
हबीबगंज नाका के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अशोक साकल्ले को 501 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राहकों को गांजा बेचने की फिराक में था।

एमडी ड्रग बेचने पहुंची बालिका पकड़ी गई
शाहजहांनाबाद क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन के पास एमडी ड्रग बेचने की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने एक विधि-विरुद्ध बालिका को पकड़ा। उसके कब्जे से 1.4 ग्राम एमडी ड्रग, मोबाइल फोन और मादक पदार्थों के लेन-देन से जुड़े पांच डिजिटल स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं, जिन्हें इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में जब्त किया गया है।

राजस्थान तक फैला नेटवर्क, जांच जारी
पुलिस के अनुसार स्मैक तस्करी का नेटवर्क भोपाल से निकलकर राजस्थान तक फैला हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कई अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जब्त मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण से नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी
-74.27 ग्राम स्मैक
-927 ग्राम गांजा (426 ग्राम + 501 ग्राम)
-1.4 ग्राम एमडी ड्रग
-एक कार, एक एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल
-सात मोबाइल फोन
-कुल जब्ती लगभग 37.13 लाख रुपये

Leave a Reply