MP News: विवाद देख रहे युवक को लगी गोली, मौत: थाने के सामने 3 घंटे चक्काजाम
सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के इछावर थाना क्षेत्र के भाऊखेड़ी गांव में शनिवार देर रात गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह भाऊखेड़ी जोड़ पर ढाबा संचालक और वाहन चालकों के बीच हो रहे विवाद को देखने के लिए रुका था। इसी दौरान उसे गोली लग गई। घटना के बाद रविवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने इछावर थाने के सामने इछावर-नसरुल्लागंज मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
सुबह 9:30 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 12:30 बजे तक चला। परिजन आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने सहित पांच आश्वासन दिए, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। सचिन वर्मा पेशे से ड्राइवर था। पिछले कुछ महीनों से वह घर पर रहकर खेती-किसानी के काम में परिवार की मदद कर रहा था। शनिवार रात वह किसी काम से बाइक लेकर भाऊखेड़ी जोड़ पहुंचा था। वहां एक ढाबा संचालक का पहले भूसे की गाड़ी के चालक और फिर रेत की गाड़ी के चालक से विवाद हो रहा था। सचिन बाइक रोककर विवाद देखने लगा। इसी दौरान उसे गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल सचिन की मौत हो गई। हालांकि, गोली किसने और किन परिस्थितियों में चलाई, इसकी जांच की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम को लेकर भी परिजनों की असहमति
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण इछावर थाने के पास पहुंच गए। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। परिजन आरोपिताें की गिरफ्तारी के साथ पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया को लेकर भी अपनी मांग पर अड़े रहे। पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम भोपाल के मेडिको-लीगल संस्थान में कराने की तैयारी कर रही थी, लेकिन परिजन इसके लिए सहमत नहीं थे। स्थिति को देखते हुए नसरुल्लागंज, आष्टा, सीहोर सहित आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।
एसडीओपी के नेतृत्व में बनाई एसआईटी, दो घंटे में राउंडअप का भरोसा
परिजनों की मांग पर पुलिस प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तत्काल विशेष जांच टीम गठित करने का आश्वासन दिया। एसडीओपी रोशन जैन और इछावर थाना प्रभारी गिरीश दुबे के नेतृत्व में गठित टीम जांच कर अपनी रिपोर्ट एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे को सौंपेगी। इसके अलावा पुलिस ने नामजद संदेहियों को दो घंटे के भीतर राउंडअप करने का भरोसा भी दिलाया। पुलिस के पांच आश्वासनों के बाद परिजनों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
हत्या या हादसा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति
एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि फिलहाल मामला जांच के अधीन है। घटना के बाद चार थाना प्रभारियों के साथ एसडीओपी, एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीमें साक्ष्य जुटा रही हैं। कुछ संदिग्धों की पहचान भी की गई है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। यह गोली मारकर हत्या का मामला है या किसी हादसे में युवक की मौत हुई है, इसकी स्थिति पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
