BHOPAL NEWS: एलएन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस बैच-2026 का ‘ज्ञानारंभ’ इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित
1 min read

BHOPAL NEWS: एलएन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस बैच-2026 का ‘ज्ञानारंभ’ इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित

राजनीतिक क्रांति, भोपाल

 एलएन मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर, भोपाल में शुक्रवार को एमबीबीएस बैच-2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ‘ज्ञानारंभ’ इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध संसाधनों और करियर विकास के अवसरों से परिचित कराना था।
एलएनसीटी यूनिवर्सिटी के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति जय नारायण चौकसे ने कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय जीवन में पाठ्यक्रम और परीक्षाओं तक सीमित न रहें, बल्कि ज्ञान के विस्तार के साथ नई तकनीकों, कौशल और रचनात्मक गतिविधियों से भी जुड़ें। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए डिग्री के साथ व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति भी जरूरी है।
एलएनसीटी ग्रुप के सचिव डॉ. अनुपम चौकसे ने ‘ज्ञानारंभ’ को विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय जीवन की नई शुरुआत बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक संसाधनों और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने तथा बदलती तकनीक और आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल विकसित करने की बात कही। उन्होंने टीमवर्क, आत्मविश्वास और ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. एन.के. थापक, वाइस चेयरपर्सन पूनम चौकसे, संचालक डॉ. श्वेता चौकसे, संचालक पूजा चौकसे, संचालक धर्मेंद्र गुप्ता सहित अधिकारी, फैकल्टी सदस्य, स्टाफ और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।