Uttar Pradesh News: कार में छह लोग जिंदा जले
1 min read

Uttar Pradesh News: कार में छह लोग जिंदा जले

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में आज तड़के पानीपत-खटीमा हाइवे पर डिवाइडर से टकराने के बाद एक कार पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।

हादसा तड़के करीब पांच बजे तितावी थाना क्षेत्र के पास हुआ। कार सवार परिवार हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पलट गई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कार सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

राहगीरों ने कार में आग लगी देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई कर शवों को कब्जे में लिया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस परिवार के हरियाणा के हिसार से जुड़े होने की जानकारी जुटा रही है।

सीओ फुगाना नरेंद्र यादव ने बताया कि हिसार में रह रहे परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।