MP News: दिवाली के धुएं से बिगड़ी हवा: भोपाल में 50 मीटर तक सिमटी विजिबिलिटी
भोपाल। दिवाली पर हुई आतिशबाजी का असर अब मध्य प्रदेश की हवा पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। इंदौर में 8 नवंबर की रात 11:11 बजे तक एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 320 दर्ज किया गया, जिसे बेहद खराब श्रेणी में रखा गया है। वहीं, सोमवार सुबह राजधानी भोपाल में धुएं और प्रदूषण के कारण दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई। कम विजिबिलिटी के चलते सड़कों पर वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदूषण के बीच प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ रहा है। कटनी जिले का करौंदी लगातार दूसरी रात प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पचमढ़ी से भी कम है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर सहित 15 शहरों में रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिवाली के दिन प्रदेशभर में मौसम साफ रहा। राजधानी भोपाल में दिन के समय धूप खिली रही, लेकिन शाम होते ही ठंडक बढ़ गई। मौसम में इस बदलाव के बीच त्योहार का उत्साह बना रहा। अब 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश में सर्द हवाओं का प्रभाव बढ़ सकता है, जिससे तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
